Part-5/
कोविड-19 से लड़ने के लिए करनाल स्मार्ट सिटी ने कई पहल शुरू कीं
अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-
पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां
•...
more... चंडीगढ़ : संघ शासित क्षेत्र के प्रशासक ने 27 मई 2020 से सेक्टर 38 में और 28 मई 2020 से सेक्टर 52 में रोकथाम अभियान समाप्त किए जाने को स्वीकृति दे दी है। यह भी फैसला लिया गया कि यहां के नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच, पर्यवेक्षण और सख्त निगरानी जारी रखी जाएगी। इसके अलावा नगर निगम के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में नियमित रूप से स्वच्छता उपाय किए जाएंगे और आईईसी अभियान चलाया जाएगा। अगर कोई नया संदिग्ध मामला मिलता है तो औचक नमूने लिए जाएंगे और प्रशासन को इसकी सूचना दी जाएगी। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत क्षेत्र में सामाजिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध जारी रहेंगे और आवश्यक सामाजिक दूरी, मास्क पहनने तथा स्वस्छता से जुड़े नियम सख्ती से लागू रहेंगे।
• पंजाब : आर्थिक दिक्कतों में बढ़ोतरी के बीच पंजाब सरकार ने कोविड महामारी और लंबे लॉकडाउन के चलते वित्तीय संकट से जूझ रहे राज्य की सहायता के लिए भारत सरकार से 51,102 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दिए जाने की मांग की है। पंजाब सरकार राज्य में लॉकडाउन के भविष्य पर 30 मई को फैसला करेगी। मुख्यमंत्री 30 मई को कोविड के संदर्भ में समग्र हालात पर संबंधित विभागों की एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और उसके बाद लॉकडाउन को हटाने या आगे बढ़ाने पर सरकार के फैसले की घोषणा करेंगे।
• हरियाणा : हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी उप आयुक्तों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि देश में आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को शुरुआती सात दिनों के लिए संस्थागत क्वारंटाइन में रखा जाए, जिसके बाद ही वे अगले सात दिन के लिए होम क्वारंटाइन में भेजे जाने के पात्र होंगे। यदि पर्याप्त मात्रा में होम क्वारंटाइन की सुविधाएं नहीं हों, तो संबंधित उप आयुक्त को उस व्यक्ति से संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ परामर्श से उसे शेष सात दिन की अवधि के लिए निर्धारित संस्थागत क्वारंटाइन केन्द्र में रखा जा सकता है। इसके अलावा डीसी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (एमओएचएफएंडडब्ल्यू) के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
• हिमाचल प्रदेश : मुख्यमंत्री ने राज्य के उप आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए संस्थागत क्वारंटाइन केन्द्रों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया, जिससे लोग सहजता से इन केन्द्रों में रुक सकें। उन्होंने कहा कि रेड जोन्स से पहुंच रहे सभी लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन में रखा जाए और उनका कोविड-19 परीक्षण निगेटिव पाए जाने के बाद ही उन्हें होम क्वारंटाइन में भेजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों से आ रहे हिमाचलियों के लिए भी इसी प्रक्रिया का पालन किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों के सभी संपर्कों को पता लगाने और उनकी जांच पर ही जोर होना चाहिए, जिससे उनका समय से उपचार सुनिश्चित हो और वायरस के प्रसार पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन लोगों की आवाजाही की प्रभावी निगरानी के लिए इन सभी लोगों से ‘कोरोना मुक्त ऐप’ डाउनलोड करने के लिए कहा जाना चाहिए।
• केरल : उच्चतम न्यायालय द्वारा प्रवासी मजदूरों की दुर्दशा के स्वतः संज्ञान लिए गए मामले पर दी प्रतिक्रिया में केरल सरकार ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि 55 ट्रेनों के माध्यम से 70,137 प्रवासी कामगारों को अपने गृह क्षेत्र भेजा गया है; 4,34,280 प्रवासी कामगारों को खाने, पानी और अन्य सुविधाओं वाले 21,556 शिविरों में आश्रय दिया गया है। राज्य में आज सुबह से शराब की दुकानें खुलनी शुरू हो गई हैं; शराब की बिक्री के लिए कतार प्रबंधन ऐप बेव-क्यू के खिलाफ बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। पुलिस ने होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वालों की खोज के लिए औचक जांच शुरू कर दी है; उल्लंघन करने वालों को राज्य सरकार के केन्द्रों में भेजा जा रहा है। कोविड-19 का पहला मामला दर्ज किए जाने के 119वें दिन केरल में कल पुष्ट मामलों की संख्या 1,000 से ऊपर निकलते हुए 1,004 के स्तर पर पहुंच गई; लगभग 45 प्रतिशत (445) मामले पिछले 14 दिन में ही बढ़े हैं। अभी तक ऑनलाइन आवेदन करने वाले 6 लाख लोगों में से 1.05 लाख केरल के लोग 27 मई तक राज्य में लौट आए हैं, जिनमें विदेश और दूसरे राज्यों से आने वाले लोग शामिल हैं।
• तमिलनाडु : दक्षिण रेलवे ने अपने एक कर्मचारी के कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद चेन्नई में अपने मुख्यालय को बंद कर दिया है; हर परिसर को संक्रमणमुक्त किए जाने के बाद सोमवार से कार्यालय खोल दिया जाएगा। विमान के माध्यम से मदुरई में पहुंचे तीन यात्री जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से एक बेंगलुरु से और दो नई दिल्ली से आए थे। राज्य ने टिड्डियों को लेकर किसानों को परामर्श जारी किया है; परामर्श जारी किए जाने के साथ ही अधिकारियों ने कहा कि इससे तमिलनाडु को कोई समस्या नहीं होने का पूरा भरोसा है। कल राज्य में 817 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे कुल मामलों की संख्या बढ़कर 18,545 हो गई। सक्रिय मामले : 8,500, मृत्यु : 133, डिस्चार्ज : 9,909। चेन्नई में सक्रिय मामले 6,307 के स्तर पर हैं।
• कर्नाटक : आज दोपहर 12 बजे तक कोविड के 75 नए मामले सामने आए, 28 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया और एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई; आज उडुपी में 27, हासन में 13, बेंगलुरु शहर में 7, यादागिरि में 7, चित्रदुर्ग में 6, दक्षिण कन्नड़ में 6, कलबुर्गी और चिकमंगलूर में 3-3, विजयपुरा में 2, रायचूर में 1 नया मामला दर्ज किया गया। राज्य में कुल पॉजिटिव मामले बढ़कर 2,493 के स्तर पर पहुंच गए। सक्रिय मामले : 1,635, स्वस्थ हुए : 809, मृत्यु : 47।