रेल मंत्री पीयूष गोयल एक को आएंगे अंब
अंब-दौलतपुर रेललाइन का करेंगे उद्घाटन
राजीव भनोट। ऊना
केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल एक अक्तूबर को जिला ऊना के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वह अंब से दौलतपुर तक बन चुके रेल ट्रैक का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा ऊना से हमीरपुर बनने वाली रेललाइन के सर्वे के काम को भी गोयल उस दिन विधिवत...
more... शुरू करवाने की घोषणा करेंगे। वहीं ऊना रेलवे स्टेशन के एक्सटेंशन कार्य का भी शिलान्यास केंद्रीय रेल मंत्री अंब में ही करेंगे। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल का ऊना जिला का दौरा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने तय करवाया है।
हाल ही में सांसद अनुराग ठाकुर ऊना सहित संसदीय क्षेत्र की रेल मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री से मिले थे। इस दौरान उन्होंने मंत्री को ऊना जिला आने का निमंत्रण दिया था। सूत्रों की मानें तो रेल मंत्री ने सांसद अनुराग ठाकुर का न्योता स्वीकार कर लिया है। वह एक अक्तूबर को जिला ऊना के अंब उपमंडल के रेलवे स्टेशन पर आएंगे। इस दौरान गोयल राज्य को नई सौगातें देंगे।
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने केंद्रीय रेल मंत्री के दौरे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अनेक योजनाएं केंद्रीय रेल मंत्री जिला ऊना की जनता को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। उन्होंने इसके लिए सांसद अनुराग ठाकुर का भी आभार जताया।